बेटियों की कामयाबी से रोशन हुआ हरियाणाः मंत्री राव नरबीर

बेटियों की कामयाबी से रोशन हुआ हरियाणाः मंत्री राव नरबीर

रोहतक, गिरीश सैनी। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और अपनी उपलब्धियों से प्रदेश का नाम देश-विदेश में रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर और बेहतर मंच देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

राव नरबीर सिंह शनिवार को रोहतक में आयोजित जैन्जी अवार्ड-2026 समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र के लिए कृषि के साथ तकनीक, उद्योग और प्रभावी औद्योगिक नीति को मजबूत करना जरूरी है। हरियाणा सरकार औद्योगिक विकास को गति देने के लिए बड़े निवेश की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जल्द सिंगापुर का दौरा कर वहां की औद्योगिक नीतियों का अध्ययन करेगा। उन्होंने औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया और पॉलिथीन का इस्तेमाल रोकने, पौधारोपण बढ़ाने तथा डिजिटल निमंत्रण अपनाने की अपील की।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। विधायक सुनील सांगवान ने युवाओं से लोकतंत्र और मताधिकार की महत्ता समझने का आह्वान किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, समाजसेवी राजेश जैन, अभिनेत्री गीतिका विद्या ओल्हाण, सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य जन मौजूद रहे।