सरकार की खेल नीति और खिलाड़ियों की मेहनत से हरियाणा बना खेलों में अग्रणी राज्यः खेल मंत्री गौरव गौतम
रोहतक में अंडर-23 सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की खेल नीति और खिलाड़ियों की प्रतिभा व उत्साह का ही परिणाम है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ी सबसे अधिक पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने स्थानीय एमडीयू में आयोजित अंडर-23 सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा कुश्ती महासंघ के पदाधिकारियों का हरियाणा की धरती पर स्वागत है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों, ओलंपिक सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
खेल मंत्री गौतम ने कहा कि प्रतियोगिता पूरी पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ आयोजित की जा रही है। उन्होंने राष्ट्रीय कुश्ती महासंघ तथा आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा और रोहतक को मेजबानी का अवसर देकर उन्होंने प्रदेश की खेल संस्कृति को नई पहचान दी है। उन्होंने विशेष रूप से कुश्ती संघ के अध्यक्ष रमेश बोहर एवं पूरी आयोजन समिति की सराहना की।
पत्रकारों से बातचीत में खेल मंत्री ने कहा कि तीन दिवसीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर के युवा पहलवान भाग ले रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि यहां प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित कर चुकी है तथा खेल अवसंरचना को और मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में 114 करोड़ रुपये की लागत से 42 नए स्टेडियमों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि जिन स्टेडियमों में रखरखाव अथवा वातानुकूलन संबंधी कार्य चल रहे हैं, उन्हें भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। एक सवाल के जवाब में खेल मंत्री ने कहा कि खेलों में राजनीति का कोई स्थान नहीं है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को उत्कृष्ट वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित जींद दौरे के संबंध में खेल मंत्री ने कहा कि यह दौरा ऐतिहासिक होगा और प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे हरियाणा को अनेक विकास परियोजनाओं का लाभ मिलेगा।
इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, समाजसेवी राजेश जैन, कुश्ती संघ के अध्यक्ष रमेश बोहर सहित खिलाड़ी व कोच आदि मौजूद रहे।
Girish Saini 


