कांग्रेस के झूठ के खिलाफ हरियाणा भाजपा उतरेगी मैदान में
प्रदेश मीडिया टीम की बैठक में शाह का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति बनाई।
रोहतक, गिरीश सैनी। लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस के झूठ और भ्रम की राजनीति को तथ्यों के साथ उजागर किए जाने के बाद हरियाणा भाजपा इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक रणनीति पर काम करेगी। इसी को लेकर शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में आयोजित भाजपा की प्रदेश मीडिया टीम और प्रदेश पदाधिकारियों व प्रवक्ताओं की बैठक में मंथन किया गया।
बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लोकसभा भाषण के प्रमुख अंश स्क्रीन पर दिखाए गए। प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने सभी प्रवक्ताओं एवं पदाधिकारियों को आगामी कार्य योजना से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने स्वयं 11 बार एसआईआर कराया। अब उसी प्रक्रिया का विरोध करना कांग्रेस के दोहरे चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 और वर्ष 2009 में कांग्रेस ने ईवीएम से चुनाव जीते, तब कोई सवाल नहीं उठाया गया। वर्ष 2014 से 2025 के बीच हुए 71 विधानसभा चुनावों में से 30 में विपक्ष की जीत यह साबित करती है कि ईवीएम पर आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
प्रदेश मीडिया प्रभारी ने सवाल किया कि यदि बिहार में एसआईआर और ईवीएम को लेकर विपक्ष को आपत्ति है तो अब तक कानूनी प्रक्रिया के तहत कोई शिकायत क्यों दर्ज नहीं कराई। जबकि अभी भी 45 दिन की अवधि पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में हिम्मत है तो अभी चुनाव प्रक्रिया को चुनौती दे सकते है, लेकिन कांग्रेस को पता है कि उसके आरोप निराधार और झूठे हैं, इसलिए वो केवल भ्रम की राजनीति कर रही है।
अरविंद सैनी ने कहा कि लोकसभा में जब गृहमंत्री अमित शाह कांग्रेस के हर सवाल का तथ्यात्मक जवाब दे रहे थे, तब राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस संसद छोड़कर बाहर चली गई। इससे साफ है कि कांग्रेस सच का सामना नहीं करना चाहती और केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि अमित शाह के भाषण और तथ्यों को हरियाणा के हर जिले और हर वर्ग तक पहुंचाकर कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश किया जाएगा।
संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा ने कहा कि सभी पदाधिकारी केंद्र की मोदी और राज्य की नायब सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर पर पहुंचाएं। उन्होंने बूथों को और अधिक मजबूत बनाने की बात कही। प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने कहा कि सभी कार्यकर्ता कांग्रेस के झूठे नेरेटिव को ध्वस्त करें।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने वर्चुअली इस बैठक में जुड़कर अपने संबोधन में कहा कि विपक्ष झूठ बोलकर देश की लोकतांत्रिक साख को नुकसान पहुंचा रहा है। विपक्ष का एजेंडा सरकार की छवि को धूमिल करना है। उन्होंने कहा कि घुसपैठिए मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री नहीं चुन सकते, इसलिए एसआईआर बहुत महत्वपूर्ण है। भंडारी ने कहा कि विपक्ष के नेता घुसपैठियों के लिए भाजपा को घेरने की कोशिश करते हैं।
इस बैठक में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान, नेहा धवन, एडवोकेट शंकर धूपड़, प्रियदर्शिनी सिंह, नरेंद्र वत्स, रामराजी शर्मा, डॉ अशोक रंगा, हरिओम मित्तल भाली, जिला महामंत्री नितिन जैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


