हरियाणा भाजपा संकल्प पत्र के साथ दो दिन में प्रदेश के हर घर में पहुंचेगी

11 और 12 मई को चलेगा हर बूथ-हर घर संपर्क अभियान। 

हरियाणा भाजपा संकल्प पत्र के साथ दो दिन में प्रदेश के हर घर में पहुंचेगी

रोहतक, गिरीश सैनी। लोकसभा चुनाव प्रचार को गति देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र के साथ दो दिन में प्रदेश के हर घर में पहुंचने की योजना बनाई है। 

11 और 12 मई को विशेष रूप से चलाए जाने वाले हर बूथ-हर घर संपर्क अभियान में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित सभी मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। 

रोहतक में ये जानकारी देते हुए हरियाणा भाजपा लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी स्वयं पंचकूला विधानसभा के बूथ नंबर 132 पर रहकर वहां के हर घर में संपर्क करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल के अपने बूथ के घरों में पहुंचेंगे। संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा रोहतक नगर के बूथ नंबर 132-133 पर रहेंगे। सुभाष बराला ने बताया कि वे खुद भी टोहाना के बूथ नंबर 142, 143, 144 पर संपर्क अभियान में हिस्सा लेंगे। जबकि राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ बादली विधानसभा के बूथ नंबर 80, 81 पर संकल्प पत्र के साथ घर-घर जाएंगे।

सुभाष बराला ने बताया कि इस अभियान के संयोजक वेदपाल एडवोकेट करनाल विधानसभा के रसपूलपुर गांव स्थित बूथ नंबर 46 पर जनसंपर्क अभियान करेंगे। बराला ने बताया कि हरियाणा के 19 हजार 800 से भी अधिक बूथों के लाखों घरों के दरवाजे पर भाजपा पहुंचेगी और  लोगों को समझाएगी कि देश के विकास के लिए भाजपा आगामी वर्षों में कैसे आगे बढ़ेगी। 

उन्होंने कहा कि विपक्ष आपसी लड़ाई से पार नहीं पा रहा है, जबकि भाजपा अब तक 90 में से 78 विधानसभाओं में अपनी विजय संकल्प रैलियां पूरी कर चुकी है, जिसमें भाजपा को जनता भरपूर प्यार और समर्थन दे रही है। उन्होंने बताया कि 4309 शक्ति केंद्रों में से 3650 पर संगठनात्मक बैठकें व कार्यक्रम हो चुके हैं।