हरियाणा 3-0 से दिल्ली को पछाड़ कर बना नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियन

हरियाणा की महिला एवं पुरुष टीम का जलवा बरकरार।  

हरियाणा 3-0 से दिल्ली को पछाड़ कर बना नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियन

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा की महिला एवं पुरुष बैडमिंटन टीम ने हिमाचल प्रदेश के ऊना में आयोजित नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप में बेहतरीन खेल प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया है।

 

यह जानकारी देते हुए हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव अजय कुमार सिंघानिया ने बताया कि हरियाणा की महिला एवं पुरुष बैडमिंटन टीम ने फाइनल में दिल्ली को 3-0 से पछाड़ कर इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप पर कब्जा किया। उन्होंने कहा कि आशा के अनुरूप इस बार भी हरियाणा के खिलाड़ियों का जलवा कायम रहा।

 

हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रधान देवेंद्र सिंह (रिटायर्ड आईएएस) ने इस शानदार जीत पर खुशी जाहिर करते हुए विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश-विदेश में हरियाणा के नाम का परचम लहरा रहे हैं। 

 

सिंघानिया ने बताया कि हरियाणा की पुरुष टीम में गगन, ⁠मनराज सिंह, ⁠गौतम अरोड़ा, ⁠मानव चौधरी, ⁠भारत राघव, ⁠आर्यन सप्पिया, ⁠मयंक राणा, आर्यन हुड्डा ,पंकज और दिशांत अहलावत तथा महिला टीम में उन्नति हुड्डा, अनमोल खरब, देविका सिहाग, गरिमा कुंडू, सानवी अनेजा, अपूर्वा, साक्षी गहलावत, इशू मलिक, तन्नू मलिक व रिधि कौर तूर शामिल हैं। हरियाणा टीम के कोच रवि सिंगला हैं।

 

ध्यान रहे कि पिछले तीन वर्षों से लगातार नेशनल वीमेन सिंगल का खिताब हरियाणा के नाम है। इसके अलावा पिछले साल नेशनल चैंपियनशिप और नेशनल गेम्स में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हरियाणा की महिला बैडमिंटन टीम अव्वल रही।