हरियाली तीज पर एमडीयू में दिखेगी हरियाणवी लोक गीतों, परंपराओं और खान-पान की झलक

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाली तीज का पावन पर्व एमडीयू में 27 जुलाई को पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। गुलाब वाटिका में आयोजित होने वाले इस रंगारंग कार्यक्रम में हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और पारंपरिक खानपान की झलक देखने को मिलेगी। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह की अध्यक्षता में तीज आयोजन को लेकर आयोजित विशेष बैठक में उन्होंने कार्यक्रम को भव्य और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध बनाने के निर्देश दिए।
इस विशेष आयोजन में हरियाणवी तीज गीतों की मधुर स्वर लहरियों के साथ पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाएं झूलों पर झूलेंगी। खान-पान के शौकीनों के लिए पारंपरिक व्यंजन जैसे सुहाली, पुड़े, घेवर, जलेबी और अन्य हरियाणवी मिठाइयों और नमकीन पकवानों का स्वाद उपलब्ध होगा।