देशभक्ति की भावना को नया संबल देगा हर घर तिरंगा अभियानः एडीसी नरेंद्र कुमार

देशभक्ति की भावना को नया संबल देगा हर घर तिरंगा अभियानः एडीसी नरेंद्र कुमार

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि वंदे मातरम् हर घर तिरंगा अभियान के तहत रोहतक जिला में 9 से 17 अगस्त 2026 तक राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा अभियान के सफल एवं प्रभावी आयोजन के लिए जिला मुख्यालय के साथ-साथ रोहतक, महम और सांपला उपमंडल स्तर पर व्यापक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।

उन्होंने जिला के नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को प्रदर्शित करने का आह्वान करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामूहिक कार्यक्रम नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि में सरकारी विभागों के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों, युवा संगठनों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, यूथ क्लबों, एनजीओ, आरडब्ल्यूए और आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो। 12 अगस्त को जिला स्तर पर तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा, जो नेताजी सुभाष चंद्र चौक से शुरू होकर डी-पार्क तक जाएगी। इसी दिन महम और सांपला उपमंडल में भी तिरंगा बाइक रैली आयोजित की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। जिला स्तर पर आयोजित तिरंगा साइकिल रैली भी नेताजी सुभाष चंद्र चौक से डी-पार्क तक जाएगी। महम और सांपला में भी उपमंडल स्तर पर साइकिल रैली आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विवि, कॉलेजों, एनजीओ, यूथ क्लब एवं अन्य संस्थानों को भागीदारी के लिए जोड़ा जाएगा। महम और सांपला में भी उपमंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नगर के कुछेक प्रमुख स्थानों पर सेल्फी विद तिरंगा प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। अभियान के तहत सभी सरकारी कार्यालयों में तिरंगे की रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही शहरों के मुख्य चौकों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को भी तिरंगे की रोशनी से सजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि  एमडीयू, पीजीआईएमएस तथा डीएलसी सुपवा में बड़ी आकार की तिरंगा रंगोली बनाई जाएगी। इसके अलावा लघु सचिवालय सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर हर घर तिरंगा अभियान को लेकर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आयोजित गतिविधियों की अनुपालना रिपोर्ट प्रतिदिन डीआईपीआरओ, रोहतक को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक, रोहतक को पूरे अभियान के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है।