अमन जाजी के गानों पर झूमे जीयू के छात्र, सत्रारंभ उत्सव में दिखा जोश
गुरुग्राम, गिरीश सैनी। गुरुग्राम विवि के मानविकी एवं विधि संकाय द्वारा आयोजित सत्रारंभ उत्सव नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया। संवेदना, समाज और संवाद विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। हरियाणवी अभिनेता एवं गायक अमन जाजी की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। उनके लोकप्रिय गीतों पर विद्यार्थी जमकर झूमे और पूरे हॉल में तालियों व उत्साह से माहौल गूंज उठा।
अमन जाजी ने विद्यार्थियों से संवाद भी किया और अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी। विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का उत्साह विवि की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पत्रकार प्रतिबिंब शर्मा ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने सोशल मीडिया, संवेदना और समाज के बीच संवाद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को डिजिटल दुनिया में संतुलित और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की सलाह दी।
इस दौरान जोनाथन फिलेमन नितिन ब्रैडी (नितिन आरजे) ने भी सोशल मीडिया और सामाजिक संवेदनशीलता से जुड़े विचार साझा किए। कुलसचिव डॉ. संजय अरोड़ा ने अपने व्यक्तिगत अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया। अधिष्ठाता, विधि एवं मानविकी संकाय प्रो. राकेश कुमार योगी ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में संवेदनशीलता बनाए रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

Girish Saini 

