25 गांवों में आज से ओडीएफ प्लस की जमीनी जांचः एडीसी
हर खंड के पांच गांवों का होगा सत्यापन, स्कूल-आंगनवाड़ी से कचरा प्रबंधन तक जांच
रोहतक, गिरीश सैनी। स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 के तहत रोहतक जिले में ओडीएफ प्लस गांवों के सत्यापन का अभियान गुरुवार से शुरू होगा। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के रिसोर्स पर्सन की टीमें जिले के 25 चयनित गांवों में पहुंचकर जमीनी स्तर पर स्वच्छता व्यवस्थाओं की जांच करेंगी।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रत्येक खंड से पांच-पांच गांवों का चयन किया गया है। टीम खुले में शौचमुक्त स्थिति के साथ स्कूल, ग्राम सचिवालय, आंगनवाड़ी केंद्र तथा ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण करेगी। ओडीएफ प्लस के निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं होने की भी जांच होगी।
उन्होंने बताया कि जिले की 142 ग्राम पंचायतों को मॉडल ओडीएफ प्लस घोषित किया जा चुका है। मानकों को बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है।
एडीसी नरेंद्र कुमार ने कहा कि नए ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 को भी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से खुले में कचरा नहीं डालने और स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की।

Girish Saini 

