हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350 वीं शहीदी वर्षगांठ पर आयोजित यात्रा का रोहतक में भव्य स्वागत

गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन के लिए जगह-जगह उमड़ा जनसमूह। 

हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350 वीं शहीदी वर्षगांठ पर आयोजित यात्रा का रोहतक में भव्य स्वागत

रोहतक, गिरीश सैनी। हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350 वीं शहीदी वर्षगांठ को समर्पित पवित्र नगर कीर्तन यात्रा का रोहतक प्रवेश पर भव्य स्वागत किया गया। पवित्र नगर कीर्तन यात्रा का नारनौल की ओर से 152 डी के माध्यम से खेरड़ी मोड टोल प्लाजा पर पहुंचने पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य जत्थेदार करनैल सिंह निम्राबाद व जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम आशीष कुमार ने स्वागत किया। 

उपस्थित साध संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मात्था टेक आशीर्वाद लिया। यात्रा में शामिल पंज प्यारों को सरोपा भेंट किया गया। यह पवित्र यात्रा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा आयोजित की जा रही है। इस दौरान जत्थेदार सरदार करनैल सिंह निम्राबाद, कमेटी के पूर्व वरिष्ठ सदस्य सरदार हरभजन सिंह राठौर, सिख कार्यकर्ता निर्मल सिंह, महिंद्र सिंह धींगड़ा, नरेंद्रपाल सिंह, यादविंद्र सिंह जींद, गुरपेज सिंह व जगबीर सिंह हुड्डा आदि मौजूद थे। 

पवित्र कीर्तन यात्रा के कलानौर शहर पहुंचने पर यात्रा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े और गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मात्था टेका। पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी ने अत्याचारों के विरुद्ध धर्म, न्याय और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी अमर शहादत संपूर्ण मानव समाज को साहस, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समाज अपने संतों और गुरुओं को विशेष सम्मान देता है और उनके विचार समय के साथ समाज के लिए और भी अधिक प्रेरणादायी बनते जाते हैं।

इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए राज्य में गुरु परंपरा के पवित्र दिवसों को स्मरण कराने के लिए चार दर्शन यात्राओं का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को चारों पवित्र कीर्तन यात्राएं प्रदेश के विभिन्न स्थानों से होती हुई कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। कुरुक्षेत्र में आयोजित विशाल समागम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सभी संप्रदायों एवं समाजों की व्यापक भागीदारी और एकता का प्रतीक है।

हिसार रोड पर पवित्र यात्रा का गुरुद्वारा सिंह सभा सैनिक कॉलोनी समूह द्वारा स्वागत किया गया। पवित्र कीर्तन यात्रा हिसार रोड से होती हुई भिवानी चुंगी व शिवाजी कॉलोनी पहुंची। शिवाजी कॉलोनी गुरुद्वारे के समीप पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर सहित अन्य संगत ने यात्रा का स्वागत किया। 

पुरानी आईटीआई चौक पर महंत कर्णपुरी ने यात्रा का स्वागत किया। इसके उपरांत पवित्र यात्रा कीर्तन लेबर चौक व अशोक चौक होते हुए सुभाष चौक पर पहुंची, जहां बाबा बंदा सिंह बहादुर संप्रदाय के गद्दीनशीन बाबा जतिंदर पाल सिंह सोढ़ी के नेतृत्व में यात्रा का स्वागत किया गया। इसके उपरांत यात्रा अंबेडकर चौक, कैनाल रेस्ट हाउस, छोटूराम पार्क चौक, शांतमई चौक, भिवानी स्टैंड, गुरुद्वारा टिकाना साहिब, पुरानी सब्जी मंडी, गुरुद्वारा बंगला साहिब होती हुई लाखनमाजरा गुरुद्वारा पहुंची, जहां पर साध संगत ने गर्मजोशी के साथ यात्रा का स्वागत किया।