हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों पर होगा चुनाव, 16 मार्च को मतदान, 5 तक नामांकन
किरण चौधरी व रामचंद्र जांगड़ा कार्यकाल पूरा होने पर खाली हो रही सीटें।
भाजपा मनीष ग्रोवर तो कांग्रेस आशा हुड्डा पर खेल सकती है दांव।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होगा। इसके लिए उम्मीदवारों को 5 मार्च तक नामांकन दाखिल करना होगा। भाजपा के दो राज्यसभा सांसद - किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल को खत्म हो रहा है।
बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया गया। 16 मार्च को मतदान उपरांत शाम को परिणाम घोषित होगा।
मार्च 2020 में निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 10 अप्रैल 2020 से शुरू होकर 9 अप्रैल 2026 तक है। वहीं, किरण चौधरी 27 अगस्त 2024 को राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध सांसद चुनी गई थीं। रोहतक से लोकसभा सांसद बनने के बाद दीपेंद्र हुड्डा के इस्तीफे के कारण ये सीट खाली हुई थी।
हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सीटें हैं। राज्यसभा की सीट जीतने के लिए एक उम्मीदवार को 31 वोटों की आवश्यकता होगी। ऐसे में पूरी संभावना है कि भाजपा व कांग्रेस के हिस्से एक-एक सीट आएगी। फिलहाल भाजपा के पास 48 विधायक हैं और कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं। भाजपा को 3 निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। भाजपा उसी हाल में दूसरी सीट जीत सकती है, जब 7 विधायक क्रॉस वोटिंग करें, जो काफी मुश्किल लग रहा है। हालांकि, सूत्रों की मानें तो बीजेपी दूसरी सीट के लिए व्यवस्था कर चुकी है।
भाजपा के कोटे से जहां केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के खासमखास माने जाने वाले पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर की किस्मत खुल सकती है। वहीं, कांग्रेस पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की धर्मपत्नी आशा हुड्डा को राज्यसभा भेज सकती है। गत दिनों हुड्डा परिवार द्वारा गांधी परिवार के लिए दिल्ली में आयोजित लंच को इसी से जोड़ कर देखा जा रहा है।

Girish Saini 

