पीटीसी सुनारिया में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी), सुनारिया में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। डीएसपी कुलबीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस यात्रा में प्रशिक्षणार्थियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए अनुशासित ढंग से परिसर में मार्च किया। यात्रा का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं प्रशिक्षणार्थियों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।
इस दौरान डीएसपी कुलबीर सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। ये अभियान केवल ध्वज फहराने तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में एकता व भाईचारे का संदेश देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Girish Saini 

