2 अक्टूबर की ग्राम सभाएं बनेंगी रिफॉर्म उत्सव का मंचः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

सबकी योजना, सबका विकास के साथ ग्रामीणों को मिलेंगे सुधारों की जानकारी और लाभ

2 अक्टूबर की ग्राम सभाएं बनेंगी रिफॉर्म उत्सव का मंचः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

करनाल, गिरीश सैनी। इस बार 2 अक्टूबर को होने वाली ग्राम सभाएं केवल ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) बनाने तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि केंद्र सरकार के रिफॉर्म उत्सव का मंच भी बनेंगी। सबकी योजना, सबका विकास की थीम के तहत ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, व्यवस्थागत सुधारों और उनके प्रत्यक्ष लाभों की जानकारी दी जाएगी।

हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने भारत सरकार की संयुक्त एडवाइजरी के हवाले से बताया कि पंचायती राज मंत्रालय के संयोजन में छह अन्य केंद्रीय मंत्रालय भी इस अभियान में भाग लेंगे। राज्यों के मुख्य सचिवों को भेजे गए संयुक्त पत्र में 2 अक्टूबर की ग्राम सभाओं को ‘रिफॉर्म उत्सव’ से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. चौहान ने कहा कि ग्राम सभा को स्थानीय विकास योजनाओं के निर्माण के साथ-साथ ग्रामीणों को सरकार द्वारा किए गए महत्वपूर्ण सुधारों और जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम बनाया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारियों की ग्राम सभाओं में सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारी ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके सुझाव और फीडबैक भी लेंगे।

उन्होंने कहा कि रिफॉर्म उत्सव का उद्देश्य ग्रामीणों को यह समझाना है कि हाल के व्यवस्थागत सुधारों से उनके दैनिक जीवन में क्या बदलाव आया है। ग्रामीणों के अनुभव और सुझाव भविष्य की सुधार प्रक्रिया में भी उपयोगी होंगे।

डॉ. चौहान ने बताया कि संयुक्त एडवाइजरी पर पंचायती राज, खाद्य आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, भू-संसाधन, पेयजल एवं स्वच्छता, ग्रामीण विकास तथा जल संसाधन एवं नदी विकास विभागों के सचिवों के हस्ताक्षर हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से 2 अक्टूबर की ग्राम सभा में सक्रिय भागीदारी कर योजनाओं की जानकारी लेने और गांव के विकास से जुड़े सुझाव रखने का आह्वान किया।