राज्यपाल ने निपुण वाटिका का अवलोकन कर जिला प्रशासन की नई पहल को सराहा

विद्यालय के विकास कार्यों के लिए स्वैच्छिक कोष से पांच लाख देने की घोषणा।

राज्यपाल ने निपुण वाटिका का अवलोकन कर जिला प्रशासन की नई पहल को सराहा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के महामहिम राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने अपनी धर्मपत्नी एवं प्रदेश की प्रथम महिला मित्रा घोष के साथ स्थानीय सेक्टर-3 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में जिला प्रशासन की नई पहल के तहत शुरू की गई निपुण वाटिका का अवलोकन किया तथा विद्यालय परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के विकास व अन्य संसाधनों के लिए अपने स्वैच्छिक कोष से पांच लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की।

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने अपनी धर्मपत्नी मित्रा घोष के साथ निपुण वाटिका का अवलोकन किया। इस दौरान उपायुक्त सचिन गुप्ता भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से मौके पर संवाद किया। बच्चों से भारत माता चित्र पर पश्चिम बंगाल के बारे में पूछने पर बच्चों ने डिजिटल मैप में पश्चिम बंगाल को दिखाया। उन्होंने अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि वे विद्यालय के विकास कार्यों की निगरानी करें क्योंकि विकास कार्यों पर जनता से प्राप्त धनराशि खर्च की जाती है।

निपुण वाटिका में जिला प्रशासन द्वारा डिजिटल टीचिंग-लर्निंग को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने निपुण वाटिका में संपर्क टीवी, ऑड ईवन, मात्रा चक्र, ग्लोब, समूह बनाना, अबेकस, आकृति बनाना, अक्षर ज्ञान आदि के बारे में बच्चों के साथ संवाद किया। राज्यपाल ने निपुण वाटिका में केक काटकर बच्चों को केक भी खिलाया। उन्होंने निपुण वाटिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस वाटिका में उपलब्ध सुविधाओं से बच्चों को पढ़ने में मदद मिलेगी तथा वे रूचि लेकर पढ़ेगे। 

राज्यपाल ने अपनी धर्मपत्नी के साथ मिड डे मील में पकाए गए छोले-पूरी का स्वाद चखा तथा भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने मौके पर खाना पकाने वाली महिलाओं से बातचीत की तथा स्वच्छता का ध्यान रखने को कहा। उन्होंने विद्यालय परिसर में शौचालयों, पेयजल सुविधा, बैठने की सुविधा का अवलोकन किया तथा मौके पर कक्षा अध्यापिकाओं से संवाद भी किया। उन्होंने विद्यालय के विजिटर रजिस्टर में बच्चों एवं विद्यालय स्टाफ के बारे में प्रशंसा की टिप्पणी दर्ज की। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ विद्यालय परिसर में निपुण भारत मिशन के तहत आयोजित की गई प्रदर्शनी का रूचि लेकर अवलोकन किया तथा बच्चों व स्टॉफ सदस्यों की मेहनत की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय परिसर में अपनी धर्मपत्नी के साथ पौधारोपण (औषधीय पौधे मौलश्री एवं महोगनी) कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने राज्यपाल को निपुण वाटिका के कन्सेप्ट बारे जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षा विभाग की ओर से राज्यपाल तथा उनकी धर्मपत्नी को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान राज्यपाल के एडीसी स्क्वाड्रन लीडर मोहन कृष्णा, एसएमओ डॉ. राकेश तलवार, व्यक्ति सहायक शंख चटर्जी, राहुल डागर, एएसपी प्रतीक अग्रवाल, महम के उपमंडलाधीश मुकुंद तंवर सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा विद्यालय का स्टाफ एवं अभिभावक मौजूद रहे।