राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने किया एमडीयू परिसर का निरीक्षण
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के राज्यपाल एवं एमडीयू के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने रविवार को विवि परिसर के विस्तृत दौरे के दौरान विवेकानंद पुस्तकालय, डैफेटेरिया, गर्ल्स एवं बॉयज हॉस्टल्स काम्प्लेक्स का निरीक्षण किया तथा विवि की शैक्षणिक, सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। राज्यपाल की धर्मपत्नी एवं राज्य की प्रथम महिला मित्रा घोष भी इस अवसर पर विशेष रूप से साथ रहीं।
राज्यपाल की विजिट के दौरान कुलपति प्रो. राजबीर सिंह, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस.सी. मलिक, कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत सहित डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी साथ रहे।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने सबसे पहले कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हॉस्टल कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। चीफ वार्डन गर्ल्स प्रो. सपना गर्ग और उनकी टीम ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राज्यपाल ने यहां छात्राओं से संवाद कर हॉस्टल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उनकी संतुष्टि स्तर की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परिसर में की जा रही नेचुरल फार्मिंग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती आज के समय की अत्यंत आवश्यकता है, जो न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है बल्कि स्वास्थ्यवर्धक जीवन शैली की ओर भी प्रेरित करती है। प्रो विनीता हुड्डा ने प्राकृतिक खेती बारे बताया। इस दौरान राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष एवं उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष ने आम और अंजीर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके उपरांत राज्यपाल ने डैफेटेरिया का भ्रमण किया। आईएचटीएम निदेशक प्रो. आशीष दहिया ने राज्यपाल को डैफेटेरिया की स्थापना से लेकर विकास यात्रा तक का विस्तृत विवरण दिया। इसके बाद राज्यपाल विवेकानंद पुस्तकालय पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। राज्यपाल ने पुस्तकालय में आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया। लाइब्रेरियन डॉ. सतीश मलिक ने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, ई-रिसोर्सेज और डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी।
दौरे के अंत में राज्यपाल ने बॉयज हॉस्टल परिसर का भी निरीक्षण किया। छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक, आवासीय व सामाजिक गतिविधियों के बारे में फीडबैक लिया। राज्यपाल ने विवि प्रशासन को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
Girish Saini 

