राज्यपाल ने प्रो. सोमनाथ सचदेवा को सौंपा एमडीयू कुलपति का अतिरिक्त प्रभार
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के राज्यपाल एवं एमडीयू कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने एमडीयू अधिनियम 1975 की धारा 9-ए के प्रावधानों के अंतर्गत कुरुक्षेत्र विवि के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को एमडीयू, रोहतक के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। यह आदेश 21 फरवरी 2026 से प्रभावी होगा और नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक लागू रहेगा।
एमडीयू कुलपति का अतिरिक्त प्रभार मिलने पर प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने हरियाणा के माननीय राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे विवि की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान उन्नयन और प्रशासनिक पारदर्शिता को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पूर्ण समर्पण और निष्ठा से कार्य करेंगे।
हरियाणा लोक भवन द्वारा जारी अधिसूचना उपरांत एमडीयू के प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता सुनिश्चित होने की आशा व्यक्त की जा रही है। उल्लेखनीय है कि एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह का कार्यकाल शुक्रवार को समाप्त हो गया।
प्रो. सोमनाथ सचदेवा तीन दशकों से अधिक समय तक नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी कुरुक्षेत्र में अध्यापन, अनुसंधान, परामर्श एवं प्रशासन से जुड़े रहे हैं। वर्ष 2005 में उन्होंने सिविल अभियांत्रिकी विभाग में परिवहन अभियांत्रिकी में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ कर विभाग को नई पहचान दिलाई। अनुसंधान क्षेत्र में उन्होंने 70 से अधिक स्नातकोत्तर एवं शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा 100 से अधिक शोध-पत्र प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित किए।

Girish Saini 

