रोजगार मेलों द्वारा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार का बड़ा कदमः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर
मेगा जॉब फेयर में 469 युवाओं को मौके पर मिले रोजगार के अवसर।
रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, रोजगार, स्वास्थ्य, कृषि, रक्षा एवं आधारभूत ढांचे सहित प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 8 से 20 जून 2026 तक चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत मंडल रोजगार कार्यालय, रोहतक द्वारा स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हॉल में मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया गया। मेले में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि केंद्र एवं हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उद्योगों से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जिससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार की रोजगार प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त उद्योगों को भी प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाएगी ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा भाग लेने पहुंचे हैं। लगभग 25 से 30 प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं के साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। केंद्र सरकार की रोजगार प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी। योजना के तहत युवाओं को 15 हजार रुपये तथा संबंधित कंपनियों को 3 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन की ओर से नगराधीश शुभम ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (पीएनबी आरसेटी) द्वारा 115 अभ्यर्थियों को कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए प्रेरित किया गया। वहीं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) के प्रतिनिधियों द्वारा 31 अभ्यर्थियों को विभिन्न कौशल विकास पाठ्यक्रमों एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
मण्डल रोजगार अधिकारी सोनम गोयल ने उपस्थित युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए रोजगार के बदलते अवसरों, कौशल उन्नयन की आवश्यकता तथा करियर निर्माण के विभिन्न आयामों के बारे में जानकारी दी। मेले में लगभग 30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा युवाओं के साक्षात्कार लिए गए, जिनमें से 469 अभ्यर्थियों को मौके पर ही जॉब ऑफर प्रदान किए गए। रोजगार मेले में लगभग 1150 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने भाग लेकर रोजगार एवं करियर संबंधी जानकारी प्राप्त की।
Girish Saini 


