मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में तीसरी बार गठित होगी सरकारः राजीव जेटली

मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में तीसरी बार गठित होगी सरकारः राजीव जेटली

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार होगी। वर्तमान सरकार द्वारा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ लगभग सभी क्षेत्रों में प्रदेश की अब तक की सभी पूर्ववर्ती सरकारों से बेहतर कार्य किया है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों के नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके शासनकाल के दौरान भाजपा के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार से अधिक कार्य कराए गए है तो वे जानकारी दें।

स्थानीय कैनाल विश्राम गृह में प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए राजीव जेटली ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पंक्ति में खड़े अंतिम गरीब व्यक्ति के उत्थान के अलावा सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष द्वारा प्रदेश सरकार के पोर्टलों के औचित्य पर उठाये गए सवाल के संदर्भ में कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता के लिए पोर्टल शुरू किये गए है तथा इन पोर्टलों के माध्यम से लगभग 1200 करोड़ रुपये वर्षभर में धनराशि की बचत हुई है। सरकार द्वारा सेवाओं और योजनाओं को ऑनलाइन क्रियान्वयन से नागरिकों को समय पर योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है।

राजीव जेटली ने कहा कि पोर्टल बंद करने की बात करने वाले नेता उनके शासनकाल के दौरान की गई लूट को दोबारा शुरू करने की कोशिश में है। अब प्रदेश की जनता समझदार है तथा जनता अपने हित में भविष्य में निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सेवाओं को बंद करने की बात करने वाले नेता स्वयं इन सेवाओं का प्रयोग बंद करें। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा सेवाओं को गरीब व्यक्तियों के कल्याण के लिए ऑनलाइन किया गया है। इस दौरान भाजपा के मीडिया प्रदेश सह प्रभारी शमशेर खरक व जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी संजीव सैनी भी मौजूद रहे।