जनसमस्याओं के समाधान और सिंचाई परियोजनाओं को लेकर गंभीर है सरकारः सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी
जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक के एजेंडे में शामिल 12 में से 8 शिकायतों का मौके पर निपटारा।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिये कि वे मनोज कटारिया की शिकायत के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच करवाये।
मंत्री श्रुति चौधरी जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए बैठक के एजेंडे में शामिल शिकायतों की सुनवाई कर रही थी। बैठक के एजेंडे में 12 शिकायतें शामिल की गई थी, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर निपटारा कर दिया गया तथा अन्य शेष शिकायतों में जांच के निर्देश दिये गए। श्रुति चौधरी ने उपरोक्त शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि पुलिस द्वारा संबंधित आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर विस्तृत जांच की जाये। उन्होंने रमेश व समस्त निवासीगण बाबा मस्तनाथ नगर की शिकायत के संदर्भ में यूएचबीवीएन के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस मामले को दोबारा मुख्यालय भिजवाया जाये।
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने सैमाण निवासी ईश्वर की वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए पुलिस विभाग के अधिकारियों को इस मामले में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे गांव मदीना निवासी शक्ति सिंह की शिकायत को दूर करने के लिए मदीना लिंक ड्रेन की पुलिया खुलवाई जाये तथा सफाई करवाई जाये। इस ड्रेन की अब तक 90 प्रतिशत सफाई करवाई जा चुकी है। उन्होंने समस्त फरमाणा बादशाहपुर ग्राम वासियों की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि अतिक्ति उपायुक्त द्वारा इस मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपी जायेगी तथा पंचायती राज नियमों के अनुसार ही कार्य किया जायेगा।
मंत्री श्रुति चौधरी ने राजबीर मलिक की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्थानीय सोनीपत रोड़ पर स्थित वाटर चैनल के स्थान पर साढ़े चार किलोमीटर पाइप लाइन डालने के कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने मोखरा निवासी अमित की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में पूरा न्याय दिलवाया जायेगा। उन्होंने कलानौर वार्ड एक निवासियों की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज के निर्माण बारे शीघ्र ही आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। श्रुति चौधरी ने कटेसरा निवासी विनोद कुमार की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि अधिकारी इस मामले में समयबद्ध आवश्यक कार्यवाही करें।
बैठक के उपरांत महिला एवं बाल विकास मंत्री ने जिला योजना की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बिंदुवार समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। जिला विकास एवं निगरानी समिति (डीडीएमसी) की बैठक सिंचाई मंत्री एवं डीडीएमसी अध्यक्ष श्रुति चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में वर्ष 2025-26 के दौरान जिला योजना के तहत कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा वर्ष 2026-27 के लिए नई विकास परियोजनाओं के प्रस्तावों और कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए धनराशि के आवंटन तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए जिला योजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने संबंधी विषयों पर भी विचार किया गया।
इस दौरान रोहतक के विधायक भारत भूषण बतरा, कलानौर की विधायक शकुंतला खटक, महम के विधायक बलराम दांगी, मेयर राम अवतार, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, एएसपी आयुष यादव, रोहतक सहकारी चीनी मिल की एमडी श्वेता सुहाग, महम सहकारी चीनी मिल के एमडी मुकुंद तंवर, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार एवं नमिता सिंह, महम के एसडीएम विपिन कुमार, नगराधीश शुभम सहित समिति के मनोनित सदस्य व संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


