सरकार ने तमाम रियायतों व सब्सिडी को सीधे लोगों के खातों में भेज लगाई भ्रष्टाचार पर रोकः सांसद डॉ अरविंद शर्मा

महम के गांवों में सांसद ने किया जनसंवाद।

सरकार ने तमाम रियायतों व सब्सिडी को सीधे लोगों के खातों में भेज लगाई भ्रष्टाचार पर रोकः सांसद डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा दी जाने वाली तमाम रियायतों व सब्सिडी को सीधे लोगों के खातों में डिजिटल माध्यम से पहुंचाने के लिए व्यवस्था की गई है।  यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ही संकल्प था कि भय एवं भ्रष्टाचार मुक्त भारत का निर्माण किया जाए और इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए अनेकों तरीकों से केंद्र एवं प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने के लिए प्रयत्न कर रही है। सांसद ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस व इनेलो को चुनाव नजदीक आते ही जनता याद आने लगती है। कांग्रेस ने हमेशा ही लूट व झूठ की नीति पर काम किया है और अब तो कांग्रेस बिखर चुकी है। शनिवार को सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने महम के गांव मोखरा, बहल्बा, निंदाना तिगरी, भैणी महाराजपुर व लाखनमाजरा में जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को तय समय पर ही समस्याओं का निपटारा करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संकल्प है कि हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहिए। जहां तक विपक्ष के द्वारा सवाल उठाने की बात है, तो पोर्टल के माध्यम से तो प्रदेश की जनता को बहुत फायदा हुआ है, और भविष्य में इन पोर्टल के माध्यम से एक नई क्रांति आने वाली है।

सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के साढ़े 9 वर्ष का कार्यकाल मुख्य रूप से सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। भाजपा सेवा ही संकल्प के मंत्र के साथ जन कल्याण के कार्य में लगी है। सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। सांसद ने सरकार द्वारा किसानों के उत्थान के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं  बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान मेयर मनमोहन गोयल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय बंसल, महंत सतीश दास, हरिओम भाली सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता व अधिकारी मौजूद रहे।