एक छत के नीचे मिल रही सरकारी योजनाओं की सेवाएं, सेवा सेतु शिविर में पात्र लोगों से मौके पर लिए आवेदन
लाखनमाजरा में 28 से 30 सितंबर तक लगेंगे तीन शिविर।
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत मदन लाल धींगड़ा सामुदायिक केंद्र में आयोजित तीन दिवसीय सेवा सेतु शिविर का शनिवार को समापन हो गया। शिविर में नागरिकों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों से लाभ लेने के लिए मौके पर ही आवेदन भी प्राप्त किए गए।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर से राहत देते हुए एक ही स्थान पर अनेक विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, पंचायत राज, शिक्षा और ग्रामीण विकास समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए।
अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी तथा प्राप्त आवेदनों के निपटारे की प्रक्रिया शुरू की। उपायुक्त ने अधिकारियों को आवेदनों और समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
लाखनमाजरा में तीन दिन लगेंगे शिविर: 28 सितंबर को बीडीपीओ कार्यालय लाखनमाजरा, 29 को पंचायत भवन चिड़ी और 30 सितंबर को भाटिया धर्मशाला, चांदी में सेवा सेतु शिविर लगाए जाएंगे।

Girish Saini 

