आमजन की सेवा संकल्प के साथ आगे बढ़ रही सरकारः मुख्यमंत्री मनोहर लाल

राजकीय महिला महाविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री ने किया नागरिकों से सीधा संवाद।

आमजन की सेवा संकल्प के साथ आगे बढ़ रही सरकारः मुख्यमंत्री मनोहर लाल

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पिछले नौ साल से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और हरियाणा सरकार सेवा भाव से आमजन की सेवा में लगी हुई है। प्रदेश द्वारा व्यवस्था परिवर्तन करते हुए विकास कार्यों को करवाया जा रहा है, आज प्रत्येक लाभार्थी तक सौ प्रतिशत राशि उनके खातों में पहुंच रही है। भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार प्रभावी रूप से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री शनिवार को स्थानीय राजकीय महिला महाविद्यालय परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल का जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचने पर शहरवासियों ने पगड़ी और फूल माला पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी के साथ ही अटल सेवा केंद्र का भी अवलोकन किया। साथ ही दिव्यांगों को कृत्रिम अंग भी प्रदान किए। नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों में बीबीसी यानि बदली, भर्ती और सीएलयू की इंडस्ट्री चलती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी शासन देते हुए आमजन को त्वरित लाभ प्रदान किया जा रहा है, आज सरकार की नीतियों से हर वर्ग खुश है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतक मेरा अपना घर है। हरियाणा प्रदेश के दो करोड़ 80 लाख नागरिक मेरा परिवार हैं। परिवार के लोगों की सामाजिक और आर्थिक सहायता करना हमारा परम कर्तव्य बनता है। प्रदेश भर में पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत, चिरायु हरियाणा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य योजनाओं का सुगमता के साथ लाभ प्रदान किया जा रहा है। जिला रोहतक में कुल 37 हजार 800 पेंशन धारक हैं, जिनमें 1233 पात्र व्यक्तियों की पेंशन स्वत: ऑटो मोड से बनी है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 3116 लोगों का इलाज हुआ है, जिन पर नौ करोड़ 55 लाख रुपये खर्च किये गए हैं।

जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले शहरों व ग्रामीण क्षेत्र में अपने मन मुताबिक विकास कार्यों के लिए ग्रांट दी जाती थी लेकिन अब हमने तय किया है कि आबादी के हिसाब से ग्रांट दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा भी फैमिली आईडी की वजह से संभव हो पाया है। हर शहर में कितनी आबादी है, फैमिली आईडी में सभी का रिकॉर्ड है। रोहतक में एक लाख 15 हजार 366 परिवार पहचान पत्र हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्ष के कार्यकाल में विकास के कार्यों की संख्या गिन लीजिए हमने पिछली सरकार से ज्यादा काम करवाए हैं और कम पैसों में करवाए हैं। कांग्रेस राज में उनके पीएम खुद कहते थे कि वे गांवों में विकास के लिए 1 रुपया भेजते हैं लेकिन धरातल पर बस 15 पैसे पहुंचते हैं। हमने सरकार बनाकर सिस्टम की इस लीकेज को रोका है। सरकार द्वारा व्यवस्था परिवर्तन का काम करते हुए लोगों को पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। पहले छोटे-छोटे काम के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे लेकिन अब घर बैठे काम हो रहे हैं। हमने आयुष्मान कार्ड और चिरायु हरियाणा के माध्यम से 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी है।  पूर्व की सरकारों में कैसे सरकारी नौकरियां मिलती थी, सभी को पता है लेकिन हमने बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी देने का काम किया है। जिला रोहतक में अब तक पांच हजार 264 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आमजन के बीच से एक दर्जन लोगों की तत्काल पेंशन बनवाई। इनमें लक्ष्मण दास, राजेन्द्र, लता देवी, नंदराम, सरोज बाला, मुक्तधारी, अंगूरी, श्याम सुंदर, नीलम, अशोक, श्रीभगवान, प्रकाशी, राजेन्द्र, ईश्वर सिंह आदि शामिल हैं। मौके पर ही पेंशन संबंधी प्रमाण पत्र पाकर लाभार्थी खुश नजर आये और उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पात्र  बेटी प्रकृति के परिजनों को पीएम केयर योजना के तहत 10 लाख रुपये का पीएम केयर कार्ड और पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा सौंपा। इसके अतिरिक्त शहर की सड़क, बिजली सहित अन्य  कार्यों  की डिमांड पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फिजिबिलिटी चेक करते हुए समाधान के निर्देश दिए। साथ ही नई अनाज मंडी और नई सब्जी मंडी के बीच डिवाइडर का एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। मुख्यमंत्री द्वारा पंक्ति में खड़े अंतिम गरीब व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता से लाभपात्रों तक पूरा लाभ पहुंच रहा है। सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

इस मौके पर सांसद डॉ अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मुख्यमंत्री के ओएसडी (प्रचार) गजेंद्र फोगाट, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर राजकुमार कपूर, मेयर मनमोहन गोयल, उपायुक्त अजय कुमार, नगर निगम आयुक्त जितेंद्र दहिया, पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय बंसल, अतिरिक्त उपायुक्त महेश कुमार, एसडीएम राकेश कुमार सैनी, नगर निगम संयुक्त आयुक्त विजय सिंह मलिक, एचएसवीपी सम्पदा अधिकारी श्वेता सुहाग, नगराधीश मुकुंद तंवर, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।