जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए सरकार कर रही हर संभव प्रयासः सीएम नायब सैनी
गांव भैणी महाराजपुर व बहलबा में ग्रामीणों से मिले मुख्यमंत्री।

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में कई वर्षों बाद अत्यधिक वर्षा हुई है। यह एक प्राकृतिक आपदा है। प्रदेश सरकार वर्तमान स्थिति से निपटने के लिए निरंतर हर संभव प्रयास कर रही है। वे स्वयं लगातार लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं का यथासंभव समाधान कर रहे हैं। सरकार द्वारा भविष्य के लिए प्राप्त होने वाले प्रस्तावों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने रविवार देर सायं महम उपमंडल के गांव भैणी महाराजपुर में तीन स्थानों पर तथा गांव बहलबा में एक स्थान पर ग्रामीणों से जल निकासी के बारे में बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि जल निकासी के उचित प्रबंध किए गए है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सभी विधायक, चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी एवं प्रशासनिक अधिकारी निरंतर लोगों के बीच जाकर उनकी मदद कर रहे हैं। सभी ड्रेनें ओवरफ्लो चल रही हैं, जिनकी लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों हिमाचल प्रदेश व पंजाब इत्यादि में जान-माल का ज्यादा नुकसान हुआ है। प्रदेश की सभी सडक़ों को दुरुस्त करने के लिए टैंडर हो चुके हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को सभी सडक़ों को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान उपायुक्त सचिन गुप्ता व महम के एसडीएम मुकुंद तंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।