हरियाणा को शिक्षा क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है सरकारः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

रोहतक में महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षा सदन का लोकार्पण तथा सैनी पब्लिक स्कूल के नए भवन का शिलान्यास किया।

हरियाणा को शिक्षा क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है सरकारः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने के लिए प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। प्रदेश सरकार हरियाणा को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। एनईपी-2020 को प्रदेश में वर्ष 2025 तक पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार द्वारा प्रदेश में नई 10 आईएमटी स्थापित की जाएगी, जिनसे प्रदेश के लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। सरकार द्वारा गत साढ़े दस वर्ष के दौरान बिना पर्ची-बिना खर्ची के एक लाख 80 हजार युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी रोजगार दिया गया है।

 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्थानीय सैनी एजुकेशन सोसाइटी के 75 वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिक्षण संस्था के समर्पण भाव से शिक्षा के क्षेत्र में दिए जा रहे सराहनीय योगदान के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्था ने समाज में शिक्षा का प्रकाश फैलाने के गौरवपूर्ण 75 वर्ष पूर्ण कर लिए है। गत 10 मई 1941 को इसी शहर की एक चौपाल में सैनी प्राइमरी स्कूल से शुरू हुई संस्था महात्मा ज्योतिबा फुले के कर्म ही पूजा है, के संदेश पर चलते हुए 75 वर्षों बाद आज एक वट वृक्ष बन चुकी है। उन्होंने अपने स्वैच्छिक कोष से संस्था के लिए 51 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की तथा सैनी शिक्षण संस्था द्वारा रखी गई सभी चार मांगों को यथासंभव पूर्ण करवाने का आश्वासन दिया। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने शिक्षण संस्था को 21 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।

 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षा सदन का लोकार्पण तथा सैनी पब्लिक स्कूल के नए भवन का शिलान्यास किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने महात्मा ज्योतिबा फुले के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया तथा उन्हें पुष्प अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले व भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले सैनी समाज के रत्न है। उन्होंने महिला शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किया तथा कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए जीवन पर्यंत संघर्ष किया। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, विधवा विवाह, वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर आवाज बुलंद की।

 

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले जैसे महापुरुषों द्वारा दिखाये गये मार्ग पर चलते हुए सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से कार्य कर रही हैं। महात्मा ज्योतिबा फुले ने कहा था कि शिक्षा ही व्यक्ति और समाज का उत्थान कर सकती है। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्री बाई फुले के साथ मिलकर पुणे में भारत का पहला लड़कियों का स्कूल खोला। शिक्षा के दीपक ने ही नारी, पिछड़े व वंचित वर्गों में आत्म विश्वास जगाया। महाराज शूरसेन के वंशज सैनी समाज का इतिहास प्राचीन और गौरवशाली रहा है। इस समाज ने हमेशा श्रम, त्याग और सेवा को अपना धर्म माना है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इसी प्रकार संत श्री लिखमीदास, बल्लभगढ़ रियासत के सेनापति गुलाब चंद सैनी, बिहार में सामाजिक क्रांति के सूत्रधार बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा जैसे समाजसेवी, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद कुशवाहा जैसे खिलाड़ी तथा चंडीगढ़ स्थित रॉक गार्डन के निर्माता पद्मश्री नेकचंद सैनी जैसे कलाकार भी इसी समाज की देन हैं। स्वतंत्रता आंदोलन में भी सैनी समाज का बड़ा योगदान रहा है। आजाद हिन्द फौज के सेनानी सरदार महंगा सिंह सैनी व अजीत सिंह सैनी तथा हरि सिंह सैनी जैसे स्वतंत्रता सेनानी भी इसी समाज ने दिए हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सर्व शिक्षा अभियान के तहत सभी बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित किया गया है। स्कूलों में डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम, टेबलेट वितरण और ई-लर्निंग को प्रोत्साहन दिया गया है। बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ अभियान को व्यवहार में उतारते हुए छात्राओं के लिए सुरक्षित परिवहन, छात्रवृत्ति और सेनिटेशन सुविधाएं बढ़ाई गई हैं।

 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य के सभी 22 जिलों में अटल टिंकरिंग लैब्स स्थापित की हैं तथा 5 हजार से अधिक स्कूलों को वाई-फाई कनेक्टिविटी दी गई है। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को 5 लाख टैबलेट, लगभग 40 हजार कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड तथा 1201 आई.सी.टी. लैब स्थापित की हैं। प्रदेश में बच्चों की नींव मजबूत करने के लिए पहली से कक्षा तीन तक फंक्शनल लिटरेसी एवं न्युमरेसी कार्यक्रम की शुरुआत की है। हरियाणा में स्कूलों में ही नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क के माध्यम से बच्चों को विभिन्न कौशलों में निपुण बनाने की व्यवस्था की है। अब तक 1001 स्कूलों में यह व्यवस्था की जा चुकी है।

 

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुफ्त कोचिंग के अलावा अनेक छात्रवृति योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। सुपर-100 कार्यक्रम के तहत 534 बच्चों ने आई.आई.टी व एन.ई.ई.टी. जैसी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की है। शिक्षा के  माध्यम से समाज के पिछड़े वर्ग के लोगों को सशक्त बनाया जा सकता है। इसलिए सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों और नौकरियों में 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया है। सरकार ने पिछड़े वर्गों के 3 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवारों के बच्चों को देश में पढ़ाई के लिए 15 लाख रुपये तथा विदेश में पढ़ाई के लिए 20 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण सुविधा 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज पर दी जाती है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक लाख 80 हजार रुपए से कम आय वाले परिवारों के विद्यार्थियों की 12वीं कक्षा तक फीस माफ की गई है तथा ऐसे परिवारों की बेटियों की कॉलेज व विवि की फीस भी माफ की गई है। सरकार द्वारा गरीब परिवारों के 2650 बच्चों का मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में दाखिला करवाया गया है। निशुल्क विद्यार्थी परिवहन सुरक्षा योजना के तहत पहली से 12वीं कक्षा तक प्रदेश में 35 हजार विद्यार्थियों को निशुल्क परिवहन सुविधा तथा छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना के तहत 9वीं से 12वीं कक्षा की 6506 छात्राओं को निशुल्क यातायात सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने संस्था के मेधावी विद्यार्थियों तथा दानवीर व्यक्तियों को सम्मानित किया।

 

राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि शिक्षा सभी समस्याओं का समाधान करने में सक्षम है तथा समाज की प्रगति का आधार है। सैनी समाज प्रगतिशील समाज है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की संसद में भी तारीफ होती है। वे दिन-रात प्रदेश की जनता के हित में कार्य कर रहे है तथा नागरिकों की हर समस्या का समाधान करवा रहे है। उन्होंने उपस्थित जन को 17 सितंबर को स्थानीय अनाज मंडी में भगवान विश्वकर्मा जयंती के राज्य स्तरीय समारोह में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचे का निमंत्रण दिया। उन्होंने सैनी शिक्षण संस्था को अपने स्वैच्छिक कोष से 21 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।

 

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर समय जनता की दुख तकलीफ को दूर करने के लिए तत्पर रहते है। मुख्यमंत्री आज महात्मा ज्योतिबा फुले द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए हर बच्चे को शिक्षित करने के सपने को साकार कर रहे है। पं. दीन दयाल उपाध्याय ने पंक्ति में खड़े अंतिम गरीब व्यक्ति के कल्याण का संदेश दिया था। मुख्यमंत्री द्वारा पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के कल्याण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की कथनी व करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि सैनी शिक्षण संस्था आज वट वृक्ष बनकर बच्चों के भविष्य को संवार रही है।

 

सानी स्कूल के पूर्व छात्र रहे, अखिल भारतीय सैनी समाज के अध्यक्ष दिलबाग सिंह सैनी ने अपने संबोधन में समाज का आह्वान किया कि वे सभी मिलकर आगे बढ़े तथा संस्था को निरंतर आगे बढ़ाए।

 

सैनी शिक्षण संस्था के प्रधान अवनीश कुमार सैनी ने मुख्यमंत्री एवं अन्य विशिष्ट गण का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इस संस्था पर हमेशा अपना स्नेह व आशीर्वाद बनाए रखें। उन्होंने मुख्यमंत्री के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। मुख्यमंत्री नेक नियति से कार्य करते हुए प्रदेश को निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर कर रहे है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व कार्यक्रम के विशिष्ट जन को स्मृति चिन्ह व पगड़ी भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षण संस्था के विद्यार्थियों द्वारा शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

 

इस दौरान राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल,  मेयर रामअवतार वाल्मीकि, राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी, एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर  सिंह, सीआरएसयू जींद के कुलपति डॉ. रामपाल सैनी, पं. बीडीएस स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, सैनी शिक्षण संस्था के प्रधान अवनीश कुमार सैनी, ऑल इंडिया सैनी समाज के अध्यक्ष दिलबाग सिंह सैनी, एशिया कबड्डी फेडरेशन के अध्यक्ष गुलाब सिंह सैनी, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता जवाहर सिंह, संस्था के पूर्व प्रधान धर्म सिंह दहिया व , बलजीत सैनी, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, एलपीएस बोसार्ड के एमडी राजेश जैन, हरियाणवी गायक अमित सैनी रोहतकिया, सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी व स्टाफ मौजूद रहा।