ग्रामीण युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 7 सितंबर से शुरू होगा नि:शुल्क बुक कीपर प्रशिक्षणः उपायुक्त
रोहतक, गिरीश सैनी। ग्रामीण युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए गांव खरावड़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में 7 सितंबर से सहायक बुक कीपर (कंप्यूटर आधारित लेखांकन) का नि:शुल्क प्रशिक्षण शुरू होगा। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए सीटें सीमित हैं और प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां आवेदन कर सकते हैं। बीपीएल परिवारों के सदस्यों, बेरोजगार युवाओं और स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशिक्षण में बही-खाता लेखन, लेखांकन के मूल सिद्धांत, कंप्यूटर आधारित एकाउंटिंग, जीएसटी की आधारभूत जानकारी, बैंकिंग प्रक्रिया, डिजिटल भुगतान, कार्यालय प्रबंधन और स्वरोजगार संबंधी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा प्राप्त करने में भी सहायता दी जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, बैंक पासबुक, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बीपीएल/अंत्योदय कार्ड (यदि लागू हो) और पासपोर्ट फोटो लेकर आरसेटी खरावड़ में संपर्क कर सकते हैं।

Girish Saini 

