जीजेयू के युवा महोत्सव प्रबोधिनी का आयोजन 7 से 9 नवम्बर तक

जीजेयू के युवा महोत्सव प्रबोधिनी का आयोजन 7 से 9 नवम्बर तक

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के युवा महोत्सव 'प्रबोधिनी' की विवरणिका कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने जारी की। कुलपति की अध्यक्षता में युवा महोत्सव के संचालन के लिए बनाई गई समितियों के संयोजकों की बैठक हुई, जिसका संचालन डीन स्टूडेंटस वेलफेयर प्रो. एम.के. शर्मा ने किया।

  
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि युवा महोत्सव एक अत्यंत गौरवमयी सांस्कृतिक कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि 'प्रबोधिनी' का अर्थ ज्ञान से प्रकाशित करना होता है। कुलपति ने कमेटियों के संयोजकों से संबंधित कार्यों का फीडबैक लिया तथा आवश्यक सुझाव व दिशानिर्देश दिए।


डीएसडब्ल्यू प्रो. एम.के. शर्मा ने बताया कि 7 से 9 नवम्बर तक होने वाले इस युवा महोत्सव में संगीत, नृत्य, थिएटर, लिटरेरी तथा फाइन आर्टस की 46 विधाएं होंगी, जिनमें जीजेयू से सम्बद्ध सभी महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे। इन विधाओं का छह अलग-अलग मंचों पर आयोजन किया जाएगा।

 

संगीत श्रेणी में क्लासिकल वोकल सोलो (हिंदुस्तानी/कर्नाटक), क्लासिकल इंस्ट्रूमेंटल सोलो (प्रकसन व नॉन-प्रकसन), लाइट इंडियन वोकल सोलो, वेस्टर्न वोकल सोलो, ग्रुप सॉंग (जनरल-इंडियन, हरियाणवी, वेस्ट्रन), हरियाणवी आर्केस्ट्रा , इंडियन क्लासिकल आर्केस्ट्रा, वेस्ट्रन इंस्ट्रूमेंटल सोलो, फॉक इंस्ट्रूमेंटल (हरियाणवी) सोलो, फोक सांग (हरियाणवी) सोलो, फोक सांग (जनरल) सोलो व कव्वाली विधाएं होंगी।

 
नृत्य श्रेणी में क्लासिकल डांस (सोलो), ग्रुप डांस (जनरल), ग्रुप डांस (हरियाणवी), कोरियोग्राफी, सोलो डांस (हरियाणवी)-मेल व सोलो डांस (हरियाणवी)-फीमेल विधाएं होंगी। वहीं, थिएटर श्रेणी में वन एक्ट प्ले (हिंदी), वन एक्ट प्ले (संस्कृत), स्किट (हिंदी), स्किट (हरियाणवी), माइम, मिमिक्री, स्वांग व रिचुअल विधाएं होंगी।


लिटरेरी श्रेणी में डिबेट, एलोक्यूशन, क्विज, पोएट्री रिसिटेशन (हिंदी), (इंग्लिश), (पंजाबी),(हरियाणवी) व (उर्दू) विधाएं होंगी। फाइन आर्ट श्रेणी में ऑन द स्पॉट पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, कोलाज, क्ले मॉडलिंग, कार्टूनिंग, रंगोली, स्पॉट फोटोग्राफी, इंस्टॉलेशन व मेहंदी विधाएं होंगी।