नेशनल क्वालिटी ओलंपियाड में देश भर मे दूसरे स्थान पर रही जीजेयू की सोमा
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस (एचएसबी) की छात्रा सोमा राठी ने स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता नेशनल क्वालिटी ओलंपियाड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूरे भारत में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि हरियाणा राज्य में वह शीर्ष (टॉपर) पर रही हैं। कंसोर्टियम ऑफ एक्रिडिटेड हेल्थकेयर ऑर्गनाइजेशन (सीएएचओ) द्वारा आयोजित इस ओलंपियाड का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, रोगी सुरक्षा और निरंतर सुधार की संस्कृति को बढ़ावा देना है।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने सोमा को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। एचएसबी के निदेशक प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि इस तरह के प्रतिष्ठित आयोजनों में भागीदारी से विद्यार्थियों का स्वास्थ्य सेवा गुणवत्ता के प्रति ज्ञान बढ़ता है और उनके रोजगार के अवसरों में वृद्धि होती है। एचएसबी के डीन प्रो. विनोद कुमार बिश्नोई और एमबीए हेल्थकेयर की प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. वंदना सिंह ने भी सोमा को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

Girish Saini 

