जीजेयू के फूड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम को मिला एनबीए मान्यता

जीजेयू के फूड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम को मिला एनबीए मान्यता

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के फूड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम को नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रिडिटेशन (एनबीए) से मान्यता मिली है। इसके साथ ही विवि के एनबीए मान्यता प्राप्त कार्यक्रमों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।

इस उपलब्धि पर कुलगुरु प्रो. विजय कुमार की अध्यक्षता में कुलपति कार्यालय के कमेटी हॉल में विशेष बैठक हुई। उन्होंने विभाग के शिक्षकों, अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती हैं। विज्ञान एवं तकनीक शिक्षा में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे रहने के लिए निरंतर गुणवत्ता सुधार जरूरी है।

कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि एनबीए मान्यता से विवि के शैक्षणिक कार्यक्रमों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को मजबूती मिलेगी तथा विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. योगेश चाबा ने बताया कि एनबीए मान्यता प्राप्त इंजीनियरिंग कार्यक्रमों को वाशिंगटन एकोर्ड के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक स्वीकार्यता मिलती है। इससे विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ने के साथ राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में अवसर भी मजबूत होते हैं। विभागाध्यक्षा प्रो. अराधिता बी. रे ने उपलब्धि के लिए शिक्षकों, कमेटी सदस्यों और विवि के विभिन्न विभागों के सहयोग की सराहना की।