जीजेयूः महिला प्रकोष्ठ द्वारा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम आयोजित

जीजेयूः महिला प्रकोष्ठ द्वारा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम आयोजित

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के महिला प्रकोष्ठ के सौजन्य से 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

बतौर वक्ता, खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग की प्रो. अलका शर्मा ने अपने व्याख्यान में जीवनशैली से जुड़ी चुनौतियों जैसे शैक्षणिक दबाव, सामाजिक अपेक्षाएं और आधुनिक तकनीक के प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से नींद की कमी, पर्याप्त जल सेवन का अभाव, मल्टीमीडिया के अत्यधिक प्रयोग और सामाजिक चुनौतियों जैसी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।

दूसरे वक्ता, मनोविज्ञान विभाग की डॉ. तरुणा गेरा ने 'महिलाओं का मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य' विषय पर अपने व्याख्यान में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मनोवैज्ञानिक कल्याण के आयाम, आधुनिक समाज में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियां तथा सकारात्मक विकास और धैर्यशीलता के लिए रणनीतियों पर चर्चा की।उन्होंने आत्म-देखभाल, सामाजिक सहयोग और सकारात्मक मनोविज्ञान की भूमिका को समग्र स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया।

महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा प्रो. दीपा मंगला ने स्वागत संबोधन किया। डॉ. सुनीता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।