नवप्रवेशी विद्यार्थियों से रूबरू हुए जीजेयू कुलपति प्रो. बिश्नोई
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस (एचएसबी) का दौरा कर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के बीच बैठकर कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों का विवि में स्वागत किया तथा शिक्षकों के साथ भी शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विवि केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और नवाचार की सोच विकसित करने का मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
विभाग के शिक्षकों ने कुलपति का स्वागत किया तथा विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी। कुलपति ने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने और विद्यार्थियों के साथ सतत संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
Girish Saini 

