कॉर्प कनेक्ट सप्ताह में 187 कंपनियों से जुड़े जीजेयू के विद्यार्थी

कुलपति बोले, तकनीकी दक्षता के साथ नैतिक मूल्य और अच्छे संस्कार भी जरूरी

कॉर्प कनेक्ट सप्ताह में 187 कंपनियों से जुड़े जीजेयू के विद्यार्थी

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में कॉर्प कनेक्ट सप्ताह 2.0 के सफल आयोजन पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के कंपनी कनेक्ट क्लब की इस पहल में 126 विद्यार्थियों ने 25 प्राध्यापकों के साथ औद्योगिक इकाइयों का दौरा कर 187 कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया।

मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता के साथ नैतिक मूल्य, अनुशासन, ईमानदारी और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना भी होनी चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य कुशल पेशेवरों के साथ जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है।

विशिष्ट अतिथि, जिंदल इंडस्ट्रीज के एचआर प्रमुख विकास प्रधान ने संचार कौशल, समय प्रबंधन, सामूहिक कार्य और निरंतर सीखने को करियर में सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के तहत विनिर्माण, वाहन उद्योग, आईटी, पैकेजिंग, फार्मा और बैंकिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों से संपर्क किया गया। इससे विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप, भर्ती और उद्योग आधारित प्रशिक्षण के अवसर तलाशने में मदद मिली।