जीजेयूः चार दिवसीय कैंपस रिक्रूटमेंट ट्रेनिंग का दूसरा चरण संपन्न, 700 से अधिक विद्यार्थियों ने सीखी प्लेसमेंट की सॉफ्ट स्किल्स

जीजेयूः चार दिवसीय कैंपस रिक्रूटमेंट ट्रेनिंग का दूसरा चरण संपन्न, 700 से अधिक विद्यार्थियों ने सीखी प्लेसमेंट की सॉफ्ट स्किल्स

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल ने महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के सीएसआर पार्टनर नंदी फाउंडेशन के सहयोग से चार दिवसीय सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग-कम-कैंपस रिक्रूटमेंट ट्रेनिंग (सीआरटी) कार्यक्रम के दूसरे चरण का समापन किया। आठ बैच में आयोजित प्रशिक्षण में नॉन-इंजीनियरिंग और नॉन-मैनेजमेंट पाठ्यक्रमों के 700 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कुलपति प्रो. विजय कुमार ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए प्रशिक्षण में सीखे कौशल का आगामी प्लेसमेंट प्रक्रियाओं में प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और नंदी फाउंडेशन के सहयोग की सराहना की।

ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण का फोकस विद्यार्थियों को कैंपस रिक्रूटमेंट के लिए तैयार करना रहा। चार दिनों में प्रतिदिन चार सत्र आयोजित किए गए, जिनमें क्वांटिटेटिव व लॉजिकल एप्टीट्यूड, वर्बल एबिलिटी, कम्युनिकेशन, प्रेजेंटेशन, ग्रुप डिस्कशन, इंटरव्यू तैयारी, प्रोफेशनल एटीक्वीट, कॉर्पोरेट व्यवहार, रिज्यूमे लेखन और आत्मविश्वास बढ़ाने जैसे विषय शामिल रहे।

सहायक निदेशक डॉ. आदित्य वीर ने बताया कि समापन समारोह में विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और नंदी फाउंडेशन के प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन अनुभवी प्रशिक्षकों ने नंदी फाउंडेशन की प्रशिक्षण प्रबंधक अक्षिता पटियाल के मार्गदर्शन में किया।