अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में जीजेयू के शोधकर्ताओं को मिला बेस्ट पेपर पुरस्कार
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान विभाग के शोधकर्ताओं ने अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में -प्रो. प्रतिभा सिंह बेस्ट पेपर अवार्ड हासिल किया है। ये पुरस्कार -वर्कप्लेस डायनेमिक्सः इंडिविजुअल्स एंड ऑर्गनाइजेशन्स विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन तथा 5वें इंडियन कांग्रेस ऑफ इंडस्ट्रियल एंड ऑर्गेनाइजेशनल साइकोलॉजी के दौरान हरियाणा केंद्रीय विवि, महेंद्रगढ़ में प्रदान किया गया। ये पुरस्कार जीजेयू के अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान विभाग की शोधार्थी कलश शर्मा, सहायक प्रोफेसर डॉ. स्नेहा मित्तल और एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. संजय परमार को उनके उत्कृष्ट शोध पत्र के लिए प्रदान किया गया।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस उपलब्धि पर विजेताओं को बधाई दी और उनके शोध कार्य की सराहना की। कुलसचिव डा. विजय कुमार ने भी विजेताओं को बधाई दी। सम्मेलन में 20 से अधिक तकनीकी सत्रों में 130 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। प्रत्येक तकनीकी सत्र से एक सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र का चयन किया गया, जिनमें से एसओआईओपी पुरस्कार के लिए अंतिम चयन किया गया। स्व. प्रतिभा सिंह स्मृति बेस्ट पेपर अवार्ड के अंतर्गत विजेताओं को स्मृति चिन्ह और 5000 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। जीजेयू के शोधकर्ताओं का ये शोध पत्र अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता, मौलिकता और मनोविज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के कारण निर्णायकों द्वारा विशेष रूप से सराहा गया।

Girish Saini 

