जीजेयूः करियर काउंसलिंग 2026 कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन
विद्यार्थियों को भविष्य चयन एवं करियर मार्गदर्शन प्रदान करेगा कार्यक्रम।
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के करियर काउंसलिंग सेल द्वारा एक्सप्लोर यूअर फ्यूचर/गुजविप्रौविः करियर काउंसलिंग 2026 कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके पोस्टर का विमोचन कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने किया। इस दौरान कुलपति के तकनीकी सलाहकार प्रो. संदीप राणा, डा. निधि तुरान, डा. मोनिका सैनी व डा. उस्मान अली सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि सही समय पर सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होता है। इस प्रकार के करियर काउंसलिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप सही चयन करने में सहायता प्रदान करते हैं।
करियर काउंसलिंग सेल की निदेशिका डॉ. मोनिका सैनी ने बताया कि ये कार्यक्रम 11 से 15 मई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक सीआरएस ऑडिटोरियम, सेमिनार हॉल-1 में आयोजित होगा। इसका मुख्य उद्देश्य 12वीं, डिप्लोमा एवं स्नातक स्तर के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों तथा भविष्य की संभावनाओं के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसरों से अवगत कराएगा। विवि में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों जैसे बीटेक, एमटेक, एमबीए, एमसीए, बीकॉम, एमकॉम, बीफार्मा, एमफार्मा, बीएससी, एमएससी, बीए, बीएड, बीए-एलएलबी एवं अन्य पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की जाएगी। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं रखा गया है।

Girish Saini 

