जीजेयूः 1100 छात्रों को दी स्कॉलरशिप के अवसरों की जानकारी
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में प्रथम वर्ष के 1100 से अधिक यूजी और पीजी विद्यार्थियों को रिलायंस फाउंडेशन स्कॉलरशिप समेत विभिन्न शिक्षा-सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के इंटर्नशिप क्लब ने भारत केयर्स (सीएसआर-बॉक्स) के सहयोग से रिलायंस फाउंडेशन स्कॉलरशिप 2026-27 पर ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने की, जबकि डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. मुकेश कुमार शर्मा मुख्य अतिथि और भारत केयर्स की प्रोग्राम मैनेजर अदिति गुप्ता मुख्य वक्ता रहीं।
अदिति गुप्ता ने विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और चयन मानदंड की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूजी विद्यार्थियों को ₹2 लाख तक और पीजी विद्यार्थियों को ₹6 लाख तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए। साथ ही एजुकेशन असिस्टेंस प्रोग्राम-2026, उड़ान स्कॉलरशिप प्रोजेक्ट और इंडिगो से जुड़ी शैक्षणिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी।
प्रो. मुकेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों से उपलब्ध स्कॉलरशिप अवसरों की सक्रियता से तलाश करने और उनका समय पर लाभ उठाने का आह्वान किया।

Girish Saini 

