जीजेयूः बीएससी नर्सिंग में दाखिले के लिए हुई पहली काउंसलिंग

जीजेयूः बीएससी नर्सिंग में दाखिले के लिए हुई पहली काउंसलिंग

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के नर्सिंग विभाग द्वारा बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु प्रथम काउंसलिंग का आयोजन वीरवार को किया गया।

नर्सिंग विभागाध्यक्षा प्रो. सुमित्रा सिंह ने बताया कि बी.एससी. नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए कुल 100 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 15 सीटें अखिल भारतीय (ऑल इंडिया) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। पहली काउंसलिंग के दौरान विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों ने भाग लिया तथा नियमानुसार सीटों के आवंटन की प्रक्रिया संपन्न की गई।

इस दौरान अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को पाठ्यक्रम की विशेषताओं, विवि में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं तथा नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार एवं करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रो. सुमित्रा सिंह ने सूचित किया कि दूसरी काउंसलिंग का आयोजन 6 जुलाई 2026 को किया जाएगा, जिसमें रिक्त सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

काउंसलिंग के दौरान संकाय सदस्य प्रो. अश्वनी कुमार, प्रो. अर्चना कपूर, डॉ. राकेश संधू, डॉ. शिखा पाहूजा, डॉ. आभा तथा डॉ. कविता बहमनी मौजूद रहे।