जीजेयू की शिक्षिका डॉ. अनिता सिंह आईआईटी दिल्ली में प्रतिष्ठित आईएनएई-सीईईई प्रोग्राम के लिए चयनित

जीजेयू की शिक्षिका डॉ. अनिता सिंह आईआईटी दिल्ली में प्रतिष्ठित आईएनएई-सीईईई प्रोग्राम के लिए चयनित

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के सिविल एवं पर्यावरण इंजीनियरिंग विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. अनीता सिंह किरड़ोलिया का चयन प्रतिष्ठित सेंटर फॉर इंजीनियरिंग एजुकेशन एक्सीलेंस (सीईईई) प्रोग्राम 2026-27 के लिए हुआ है।

ये प्रोग्राम इंडियन नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग (आईएनएई) की एक प्रमुख मेंटरशिप पहल है, जिसे इन्फोसिस फाउंडेशन और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के सहयोग से संचालित किया जाता है। इसका उद्देश्य मेंटरशिप, नवीन शिक्षण पद्धतियों, पाठ्यक्रम विकास और अकादमिक नेतृत्व के माध्यम से देश में इंजीनियरिंग शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना है।

डॉ. किरड़ोलिया को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विश्वास व्यक्त किया कि इस कार्यक्रम के दौरान प्राप्त ज्ञान, अनुभव और विशेषज्ञ मार्गदर्शन से सिविल एवं पर्यावरण इंजीनियरिंग विभाग सहित पूरे विवि में शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

इस चयन के साथ डॉ. किरड़ोलिया को प्रोग्राम के तहत अधिकतम 50000 रूपये तक की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी, जिससे उनके प्रशिक्षण एवं सहभागिता से संबंधित व्ययों में सहयोग मिलेगा। डॉ. किरड़ोलिया तीन सप्ताह के इस विशेष आवासीय कार्यक्रम में भाग लेंगी, जिसमें देश के उभरते एवं विकासशील संस्थानों के उत्कृष्ट शिक्षकों को आईआईटी के वरिष्ठ संकाय सदस्यों, विषय विशेषज्ञों और प्रतिष्ठित शिक्षाविदों से प्रत्यक्ष मेंटरशिप प्राप्त होगी। सीईईई प्रोग्राम दो सप्ताह के एआईसीटीई-एटीएएल फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) के समकक्ष मान्यता प्राप्त है।