जीजेयू वार्षिक खेल प्रतियोगिताः 800 मीटर दौड़ (महिला) में रिशिका ने बाजी मारी

जीजेयू वार्षिक खेल प्रतियोगिताः 800 मीटर दौड़ (महिला) में रिशिका ने बाजी मारी

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि की 25वीं इंटर कॉलेज तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रसिद्ध अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी व सेवानिवृत आईआरएस श्योपत सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि किया। समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने की।

इंटर कॉलेज खेल प्रतियोगिता की शुरूआत महिला व पुरूष वर्ग की 800 मीटर दौड़ से हुई, जिसमें महिला वर्ग में यूटीडी की रिशिका ने पहला, एसडी महिला महाविद्यालय हांसी की अंजलि ने दूसरा तथा दयानंद महाविद्यालय की निशा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, पुरुष वर्ग में सीआरएम जाट महाविद्यालय के सुनील ने पहला व अंकुश ने दूसरा तथा दयानंद महाविद्यालय के संदीप ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।  

मुख्यातिथि श्योपत सिंह ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, ये केवल मेहनत से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी दिनचर्या में खेल और शारीरिक गतिविधियों को अवश्य शामिल करने के लिए प्रेरित किया। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि खेल व शिक्षा दोनों जीवन के महत्वपूर्ण पहलू हैं। जीत हो या हार, खेल हमें हर परिस्थिति में आगे बढ़ना सिखाते हैं।

स्वागत संबोधन खेल निदेशालय के डीन प्रो. आशीष अग्रवाल ने किया। धन्यवाद संबोधन खेल निदेशक डा. एस.बी. लुथरा ने किया। यूटीडी की एथलीट रिशिका ने खिलाड़ियों को अनुशासन तथा नियमों के साथ खेलों में भाग लेने की शपथ दिलाई। अतिथियों ने ध्वजारोजण किया तथा खिलाड़ियों ने आयोजन से संबंधित तीन दिन तक चलने वाली मशाल का प्रज्जवलन किया।