जीजेयूः बीएमआरआईटी पाठ्यक्रम में दाखिला प्रक्रिया शुरू, ऑनलाइन आवेदन 10 जुलाई तक
हिसार, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी (बीएमआरआईटी) पाठ्यक्रम में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिनमें ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई, 2026 है।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि ये कोर्स राष्ट्रीय स्वास्थ्य परिषद (एनसीएएचपी) की गाइडलाइन के अनुसार है, जिससे देश-विदेश में आसानी से केंद्रीय पंजीकरण प्राप्त होता है। विद्यार्थियों को सीटी स्कैन, एमआरआई, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक मशीनों का प्रैक्टिकल ज्ञान मिलता है। इस कोर्स में सरकारी व निजी अस्पतालों तथा डायग्नोस्टिक सेंटर्स में रेडियोलॉजी टेक्नोलॉजिस्ट के रूप में आकर्षक सैलरी पैकेज पर तुरंत नियुक्ति हो जाती हैं।
कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने बताया कि मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।
एलाइड हेल्थ साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. ओम प्रकाश सांगवान ने बताया कि संभावित मेरिट सूची विवि वेबसाइट पर 24 जुलाई 2026 को प्रदर्शित की जाएगी। दाखिले के लिए प्रथम फिजिकल काउंसलिंग 28 जुलाई को, दूसरी फिजिकल काउंसलिंग 30 जुलाई को व तीसरी फिजिकल काउंसलिंग 5 अगस्त 2026 को होगी।
विभाग की प्रभारी डॉ. अंजु गुप्ता ने बताया कि इस कोर्स में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों का भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान (पीसीबी) विषयों के साथ बारहवीं (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इस कोर्स में 40 सीटें उपलब्ध हैं और दाखिले एकेडमिक मेरिट के आधार पर होंगे। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट मिलेगी। अधिक जानकारी के लिए विवि वेबसाइट gjust.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।
Girish Saini 


