जीजेयूः शैक्षणिक परिषद (एसी) की 66वीं बैठक आयोजित
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में सोमवार को शैक्षणिक परिषद की 66वीं बैठक का आयोजन कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई की अध्यक्षता में हुआ। बैठक का संचालन कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने किया।
कुलपति ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विवि की हालिया राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग की जानकारी दी और कहा कि विवि वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एआईसीटीई अनुमोदित इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन पाठ्यक्रमों, पीएचडी ऑर्डिनेंस एवं प्रॉस्पेक्टस तथा सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन सेंटर के विभिन्न यूजी, पीजी, डिप्लोमा एवं शॉर्ट टर्म सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों को मंजूरी दी गई। विभिन्न संकायों के यूजी एवं पीजी पाठ्यक्रमों के अनुमोदन को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
एसी ने इंटीग्रेटेड बीए-एमए भगवद गीता पाठ्यक्रम तथा एनईपी-2020 के अनुरूप विवि के विजन, मिशन एवं ऑब्जेक्टिव के प्रस्ताव कार्यकारी परिषद को भेजने की मंजूरी दी। बीटेक के सभी विषयों में एनईपी-2020 आधारित ऑर्डिनेंस एवं स्कीम टेम्पलेट को भी अनुमोदित किया गया। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बीटेक के सभी विषयों के पहले दो सेमेस्टर में एनईपी-2020 आधारित पाठ्यक्रम लागू करने को भी स्वीकृति दी गई।
बैठक में विभिन्न विवि एवं संस्थानों के विशेषज्ञ ऑनलाइन तथा ऑफलाइन माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. योगेश चाबा, डीन ऑफ कॉलेजेज प्रो. विनोद छोकर, परीक्षा नियंत्रक प्रो. यशपाल सिंगला, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सहित सभी संकायों के अधिष्ठाता एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Girish Saini 

