गीता के संदेश को पहुंचाया जा रहा है घर-घरः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

दो दिवसीय गीता जयंती महोत्सव हवन यज्ञ के साथ शुरू।

गीता के संदेश को पहुंचाया जा रहा है घर-घरः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

रोहतक, गिरीश सैनी (ऋषि की आवाज ब्यूरो)। हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गीता के ज्ञान को घर-घर पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर तक गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ किया। पवित्र ग्रंथ गीता में भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन के माध्यम से प्रत्येक मानव को निष्काम कर्म करने का संदेश दिया। गीता के अनुसार हमें हमेशा सच्चाई के मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।

पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर स्थानीय पं. श्रीराम शर्मा रंगशाला में जिला प्रशासन तथा सूचना, जन सम्पर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय गीता जयंती महोत्सव में प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के उपरांत बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित गण को संबोधित कर रहे थे। मेयर मनमोहन गोयल कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इससे पूर्व उन्होंने हवन यज्ञ में पूर्णाहुति डाली तथा विभिन्न संस्थाओं एवं विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।

गीता जयंती महोत्सव में सूचना, जन सम्पर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा गीता के सार तथा हरियाणा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी में प्रदेश के महामहिम राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संदेश प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों के गीता के बारे में विचार, गीता के 18 श्लोक, कुरुक्षेत्र की पहचान सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं।

गीता सार पर आधारित सेमिनार में इनविंसिबल हरियाणा परियोजना के निदेशक विवेक वैद्यनाथन ने ध्यान एवं गीता के संदर्भ में विचार व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि हमें अपनी मूल संस्कृति से कभी भी दूर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 20 मिनट के ध्यान से मन एकाग्रचित हो जाता है, जिससे हम किसी भी कार्य को बेहतर तरीके से कर सकते हैं।

इंग्लैंड की केडल लिमिटेड कंपनी के निदेशक लुईस वॉल्श ने पारलौकिक ध्यान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह एक सरल एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित ध्यान की तकनीक है, जो मन को शुद्ध चेतना अनुभव करने एवं एकात्म होने के लिए स्थिर करती है।

इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त महेश कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त राकेश कुमार, नगराधीश मुकुंद तंवर, एचएसवीपी की संपदा अधिकारी श्वेता सुहाग, मोनिका एचसीएस, डीएसपी वीरेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक, उप जिला शिक्षा अधिकारी रेणु खत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।