पशुओं को मुंह खुर व गलघोटू संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए कराएं टीकाकरणः उपायुक्त सचिन गुप्ता

विशेष संयुक्त टीकाकरण अभियान में लगभग 2 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य, 65 टीमें गठित।

पशुओं को मुंह खुर व गलघोटू संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए कराएं टीकाकरणः उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला के पशुपालकों का आह्वान किया है कि वे पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुओं को मुंह खुर एवं गलघोटू जैसी गंभीर एवं संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शुरू किए गए विशेष संयुक्त टीकाकरण अभियान के दौरान अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य करवाएं। पशु सुरक्षा चक्र नामक इस अभियान के अंतर्गत जिला के लगभग 2 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा जिला में इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए 65 टीमें गठित की गई हैं।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि विभाग की टीमें इस अभियान के दौरान गांव-गांव जाकर घर-घर पशुओं का टीकाकरण करेंगी, ताकि कोई भी पात्र पशु टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि हरियाणा उन राज्यों में शामिल है, जहां मुंह खुर एवं गलघोटू रोगों के नियंत्रण के लिए संयुक्त वैक्सीन का उपयोग किया जा रहा है। टीकाकरण करवाने के लिए पशुओं की टैगिंग अनिवार्य होगी।

विभाग के कार्यकारी उपनिदेशक डॉ. नरेंद्र दहिया ने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे विभाग की टीमों का पूर्ण सहयोग करें तथा अपने सभी पात्र पशुओं का इस अभियान के दौरान टीकाकरण करवाकर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखें।