सुपवा के मंच पर दिखी जेन-जी की उलझन, रिश्तों की टूटन पर चोट

नाटक हॉफ मैं, हॉफ तू में युवाओं की अधूरी सोच, कमजोर होते रिश्तों और सामाजिक यथार्थ से दूरी को किया उजागर

सुपवा के मंच पर दिखी जेन-जी की उलझन, रिश्तों की टूटन पर चोट

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के मिनी ऑडिटोरियम में वीरवार को नाटक हॉफ मैं, हॉफ तू का मंचन किया गया। फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी के एक्टिंग ग्रेजुएशन के तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने इस प्रस्तुति के माध्यम से जेन-जी के भावनात्मक भटकाव, रिश्तों में बढ़ती अस्थिरता और यथार्थ से दूरी को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया।

इस दौरान कुलपति डॉ अमित आर्य, कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा, डीन अकादमिक डॉ अजय कौशिक, एफसी महेश टीपी व विनय कुमार सहित शिक्षक, गैर-शिक्षण स्टॉफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।

एक घंटे की अवधि के नाटक में दिखाया गया कि किस तरह युवा भावनाओं पर नियंत्रण न रख पाने के कारण क्षणिक रिश्तों में उलझ कर अपनों से दूर हो रहे हैं। अधूरी समझ और अवास्तविक अपेक्षाएं उन्हें संबंधों की गलत दिशा में ले जाती हैं। नाटक ने संदेश दिया कि जिंदगी केवल चकाचौंध तक सीमित नहीं है और रिश्तों में समझदारी व जिम्मेदारी जरूरी है।

नाटक का निर्देशन एवं सीनोग्राफी असिस्टेंट प्रोफेसर दुष्यंत कुमार ने की। वहीं, सान्या, संदीप, अंजलि, विनोद, भारती, निखिल, अंजलि किन्हा और इशान ने विभिन्न किरदार निभाए।

कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि विवि विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और पेशेवर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे भविष्य में फिल्म जगत में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।