सैनिक स्कूल रेवाड़ी में दाखिले के लिए आवेदन 2 दिसंबर तकः डीसी सतबीर सिंह

छठी में 100 और नौवीं कक्षा में 45 सीटों पर होगा प्रवेश, लड़के-लड़कियों के लिए सीटें निर्धारित

सैनिक स्कूल रेवाड़ी में दाखिले के लिए आवेदन 2 दिसंबर तकः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सैनिक स्कूल, रेवाड़ी में छठी और नौवीं कक्षा में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 2 दिसंबर 2026 तक किया जा सकता है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि प्रवेश अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा और मेडिकल फिटनेस के आधार पर होगा। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित ओएमआर माध्यम से होगी।

उन्होंने बताया कि छठी कक्षा में करीब 100 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 67 लड़कों और 33 लड़कियों के लिए हैं। नौवीं कक्षा की 45 सीटों में 30 लड़कों और 15 लड़कियों के लिए निर्धारित हैं। हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए 67 प्रतिशत तथा अन्य राज्यों के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। इसके अलावा एससी के लिए 15, एसटी के लिए 7.5 और ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण रहेगा।

छठी कक्षा के लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 तथा नौवीं के लिए 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होनी चाहिए। आवेदन एनटीए की वेबसाइट nta.ac.in या exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ पर किए जा सकते हैं।