दिवाली पर पीजीआईएमएस रोहतक की टीम 24 घंटे अलर्ट पर रही; ट्रॉमा सेंटर में पहुंचे 125 झुलसे मरीज

सभी भर्ती मरीजों की हालत स्थिर; किसी को इलाज के लिए नहीं करना पड़ा इंतजार

दिवाली पर पीजीआईएमएस रोहतक की टीम 24 घंटे अलर्ट पर रही; ट्रॉमा सेंटर में पहुंचे 125 झुलसे मरीज

रोहतक, गिरीश सैनी। दिवाली पर आतिशबाजी के दौरान झुलसने के 125 मरीजों का पीजीआईएमएस, रोहतक के ट्रॉमा सेंटर में सफल उपचार किया गया। इनमें से छह मरीजों को भर्ती करना पड़ा, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद बाकी मरीजों को छुट्टी दे दी गई। सभी भर्ती मरीजों की हालत स्थिर है।

निदेशक डॉ. एमजी वशिष्ठ ने बताया कि 7 नवंबर को 11 बर्न मरीज पहुंचे, जबकि 8 नवंबर को यह संख्या बढ़कर 114 हो गई। अस्पताल में किसी भी मरीज को उपचार के लिए इंतजार नहीं करना पड़ा। अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती से सभी को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस दौरान कोई एमएलसी बर्न केस भी सामने नहीं आया।

उन्होंने बताया कि दिवाली से दो दिन पहले ही ट्रॉमा सेंटर को हाई अलर्ट पर रखते हुए विशेष बर्न वार्ड बनाया गया था। अतिरिक्त बेड, दवाइयों, ड्रेसिंग सामग्री और विशेषज्ञ डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर अत्री ने त्योहार पर सेवाएं देने वाले डॉक्टरों, नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने लोगों से आतिशबाजी में सावधानी बरतने और जलने पर तुरंत साफ पानी से प्रभावित हिस्से को धोकर अस्पताल पहुंचने की अपील की।