जैविक खाद की खरीद पर किसानों को मिलेगी 80% सब्सिडीः डीसी सतबीर सिंह

रबी सीजन के लिए आवेदन 31 दिसंबर तक, 30 जनवरी तक पोर्टल पर अपलोड करने होंगे बिल

जैविक खाद की खरीद पर किसानों को मिलेगी 80% सब्सिडीः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार ने जैविक खेती को बढ़ावा देने और रासायनिक खादों पर निर्भरता घटाने के लिए किसानों को जैविक खाद की खरीद पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी देने का फैसला किया है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि योजना का लाभ मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को मिलेगा।

रबी सीजन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 है, जबकि खरीदी गई खाद के बिल 30 जनवरी 2027 तक पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। सब्सिडी की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

उन्होंने बताया कि 5 किलोग्राम तक की पैकिंग में एफओएम, एलएफओएम और पीआरओएम जैविक खाद बेचने वाले विक्रेताओं को 10 मीट्रिक टन तक स्टॉक रखने पर लाइसेंस प्रक्रिया से छूट दी गई है।

इसके अलावा, जैविक खेती अपनाने वाले किसानों को पांच साल तक प्रति एकड़ 10 हजार रुपये वार्षिक अनुदान भी मिलेगा। उपायुक्त ने पात्र किसानों से समय पर आवेदन करने की अपील की।