भारतीय संविधान विषय पर ऑनलाइन क्विज में गगन प्रथम
रोहतक, गिरीश सैनी। लालनाथ हिंदू कॉलेज राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा भारतीय संविधान विषय पर एक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि यह विश्व का सबसे विस्तृत एवं सशक्त संविधान है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है।
विभागाध्यक्षा डॉ. रजनी कुमारी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, जो हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करता है।
क्विज में बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से भारतीय संविधान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. प्रमिला यादव, डॉ. सुमित कुमारी दहिया व डॉ. पूजा चावला ने निभाई। प्रतियोगिता में गगन ने प्रथम, पलक व पंकज ने दूसरा तथा अजय व आराधना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

Girish Saini 

