पोक्सो से साइबर अपराध तक, विद्यार्थियों को बताए कानूनी अधिकार
रोहतक, गिरीश सैनी। विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के लिए डीएवी स्कूल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में एडवोकेट जॉनी सिक्का ने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी दी।
उन्होंने पोक्सो अधिनियम, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, साइबर सुरक्षा, एंटी रैगिंग, बुलिंग, सड़क सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के शोषण, दुर्व्यवहार या उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों से मदद लेनी चाहिए।
उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और बाल अधिकारों का सम्मान करने की अपील की। शिविर में स्कूल के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini

