इंटरव्यू की तैयारी से रिज्यूमे राइटिंग तक, विद्यार्थियों से साझा किया सफलता का मंत्र

इंटरव्यू की तैयारी से रिज्यूमे राइटिंग तक, विद्यार्थियों से साझा किया सफलता का मंत्र

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय लाल नाथ हिंदू कॉलेज में करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में -इंटरव्यू प्रिपरेशन और रिज्यूमे राइटिंग विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सेमिनार में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेल संयोजिका डॉ. सनी कपूर ने बताया कि सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रभावी रिज्यूम तैयार करने और साक्षात्कार की बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक जानकारी देना था।

बतौर मुख्य वक्ता, इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया, पुणे के डॉ. सुयोग धर्माधिकारी ने विद्यार्थियों को रिज्यूमे में शैक्षणिक योग्यता, कौशल और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के तरीके बताए। उन्होंने रिज्यूमे लेखन में एटीएस और स्टार मेथड की उपयोगिता भी समझाई। साथ ही, साक्षात्कार के दौरान आत्मविश्वास से जवाब देने, उचित हाव-भाव रखने और सकारात्मक व्यवहार अपनाने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सही रिज्यूमे लिखना और आत्मविश्वास के साथ इंटरव्यू का सामना करना आवश्यक कौशल हैं। इस दौरान मधु विज, डॉ. सविता और प्रवीण सहित प्रतिभागी मौजूद रहे।