हरियाणवी से अंतरराष्ट्रीय सिनेमा तक, सुपवा में आईएफएफएच का समापन
अवार्ड समारोह में फिल्मी हस्तियों का जमावड़ा, सामाजिक सरोकारों और विविध संस्कृतियों पर आधारित फिल्मों ने बांधा समां।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में आयोजित दो दिवसीय इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ हाइफा (आईएफएफएच) रविवार देर रात पुरस्कार समारोह के साथ संपन्न हुआ। अंतिम दिन विभिन्न भाषाओं और विषयों की फिल्मों ने दर्शकों को अलग-अलग समाजों, संस्कृतियों और मानवीय संवेदनाओं से रूबरू कराया। दिन की अंतिम फिल्म लाइसेंस रही, जिसके निर्माण में सुपवा के पूर्व छात्रों का करीब 90 प्रतिशत योगदान रहा।
अंतिम दिन पंजाबी फिल्म पंछी के साथ स्क्रीनिंग सत्र शुरू हुआ। इसके बाद यान, व्हिसपर्स ऑफ द हॉर्स, मो मा कु, नॉट, यांता, सिसिफस चाइल्डहुड और रघुवीरम सहित फिल्मों का प्रदर्शन हुआ। कई फिल्मों के बाद निर्देशक और टीम के साथ संवाद सत्र भी हुए, जहां दर्शकों ने फिल्म निर्माण, पटकथा, अभिनय और निर्देशन से जुड़े सवाल पूछे।
हाइफा और सुपवा के विशेष सहयोग से आयोजित इस फेस्टिवल में सामाजिक सरोकार, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण, ग्रामीण जीवन और मानवीय रिश्तों पर आधारित फिल्मों को मंच मिला। समापन समारोह में बॉलीवुड अभिनेता-निर्देशक एवं फेस्टिवल चेयरमैन यशपाल शर्मा, अभिनेत्री सुमित्रा हुड्डा पेडनेकर, हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, संस्कृति कर्मी रघुवेंद्र मलिक, जगबीर राठी समेत फिल्म जगत की हस्तियां मौजूद रही। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट फिल्मों और कलाकारों को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
यशपाल शर्मा ने कहा कि फेस्टिवल का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण सिनेमा से दर्शकों को जोड़ने और नए फिल्मकारों को मंच देना है।
सुपवा की कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने कहा कि भविष्य में सुपवा और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से फिल्म फेस्टिवल आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सुपवा की ओर से फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बने प्रतिभागियों, कलाकारों व दर्शकों का आभार जताया।
हाइफा 2026 में मो मा कु का जलवा, सुमित्रा हुड्डा समेत कई हस्तियां सम्मानित
हाइफा 2026 में भारतीय और विदेशी फिल्मों के साथ हरियाणवी सिनेमा की प्रतिभाओं को भी सम्मान मिला। फीचर फिल्म श्रेणी में मो मा कु को बेस्ट इंडियन फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। कुलदीप कुनाल को इसी फिल्म के लिए बेस्ट इंडियन डायरेक्टर तथा जतिन सरना और देवदासन चेरुवाथ को बेस्ट इंडियन एक्टर चुना गया। सिजी प्रदीप और सोनी पटेल को बेस्ट इंडियन एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला।
फॉरेन फीचर में वाज़ंट क्लाउडी दैट डे विजेता रही। फॉरेन शॉर्ट में ज़ोना सेज़ारिनी और डॉक्यूमेंट्री श्रेणी में एनचांटिंग मुकुंदरा, घूँघट, सिसिफस चाइल्डहुड तथा विया डोलोरोसा को पुरस्कार मिले। लॉन्ग शॉर्ट फिल्म में मुआवजा और रीजनल फिल्म में पंछी बेस्ट फिल्म रहे।
म्यूजिक वीडियो श्रेणी में यांटा विजेता रहा। स्टूडेंट फिल्म में व्हिस्पर्स ऑफ द हॉर्स और इंडियन शॉर्ट फिल्म में अगरसंधानी को पुरस्कार मिला। एनीमेशन में एक पेड़ माँ के नाम विजेता रहा।
हरियाणवी सिनेमा में योगदान के लिए जनार्दन शर्मा और सुमित्रा हुड्डा पेडनेकर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिला। अभिनेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता आशा हुड्डा को कला साधना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Girish Saini 

